कासगंज। जिले में रिकॉर्ड तोड़ बारिश का जबरदस्त कहर चला। इस कहर के असर ने रेल यातायात को भी प्रभावित कर दिया। कासगंज-कानपुर रेलमार्ग और कासगंज-बरेली रेलमार्ग दोनों अलग अलग स्थानों पर रेलमार्ग की मिट्टी धसक गई। जिसके कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ। पांच ट्रेनें बिलंब से चलीं। आनन फानन में रेलवे की टीम ने रेलमार्ग पर मरम्मत का कार्य किया। इसके बाद कॉशन लेकर ट्रेनें निकाली गईं।
बारिश के कारण कासगंज-कानपुर रेलमार्ग के बढ़ारीकलां के 241 किलोमीटर पोल के समीप बने चाड़ी अंडरपास की मिट्टी धसक गई। जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। सूचना पर रेलवे कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग की मरम्मत का कार्य किया गया। इस दौरान फर्रुखाबाद से कासगंज आ रही पैसेंजर ट्रेन 05350 बढ़ारीकलां पर 40 मिनट तक खड़ी रही। इसके बाद ट्रेन को कॉशन देकर निकाला गया। कासगंज-बरेली रेलमार्ग पर मामो अंडरपास पर रेलमार्ग की मिट्टी धसक गई। यहां भी रेलवे कर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का कार्य किया। जेसीबी मशीन मौके पर बुलाकर गिट्टी व मिट्टी डाली गई। यहां रेलमार्ग पर मिट्टी धसकने के कारण कासगंज से लालकुआं जाने वाली ट्रेन संख्या 05369 कासगंज सिटी स्टेशन पर सवा घंटे तक रुकी रही। मार्ग सही होने के बाद यह ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हो सकी। ट्रेन संख्या 05388 कासगंज-मथुरा 50 मिनट देरी से रवाना हुई। जबकि ट्रेन संख्या 05413 मथुरा-कासगंज मेला स्पेशल 32 मिनट देर से रवाना हुई। 05347 कासगंज-अगसौली रेल मार्ग पर 88 मिनट बिलंब से रवाना हुई। वहीं रेलवे स्टेशन के यार्ड में पानी भर जाने के कारण सिग्नल व्यवस्था पर असर नजर आया। जिसे रेलकर्मियों ने दुरुस्त किया।
काफी बारिश होने के कारण बढ़ारीकलां और मामो अंडरपास पर रेलमार्ग की मिट्टी धसक गई। जिसे सही कराया गया है। ट्रेनों को कॉशन देकर निकाला जा रहा है। 5 ट्रेनें प्रभावित हुईं जो बिलंब से रवाना हुई। राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनगर रेलमंडल