संघर्ष समिति के हल्ला बोल अभियान पर विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने कहा कि एमजी रोड पर भूमिगत मेट्रो की मांग जायज है। विधायक ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि वे सीएम योगी से इस संबंध में मिलेंगे।
आगरा के एमजी रोड पर एलिवेटेड की जगह भूमिगत मेट्रो बनाने की मांग करते हुए संघर्ष समिति ने हल्ला बोल अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को छावनी क्षेत्र के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश के घर पर समिति के लोगों ने ढोल-नगाड़े और मंजीरे बजाकर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
शंखनाद के साथ कार्यक्रम की शुरूआत मनोज अग्रवाल ने की। संघर्ष समिति के हल्ला बोल अभियान पर विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने कहा कि एमजी रोड पर भूमिगत मेट्रो की मांग जायज है। वह व्यापारियों के साथ हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से सोमवार को मिलने का समय लेने का भरोसा दिया। लोकतंत्र सेनानी संजय गोयल ने बताया कि समिति ने विधायक से कहा है कि भूमिगत मेट्रो की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए वह सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर चलें। इस दौरान डाॅ. धर्मेश के घर के नजदीक रहने वालों ने भी भूमिगत मेट्रो की मांग का समर्थन किया।
प्रदर्शन में विपुल बंसल, अनूप सुराना, आकाश अग्रवाल, राकेश खंडेलवाल, आनंद प्रकाश, शिशिर भगत, आशीष अग्रवाल, स्पर्श बंसल आदि मौजूद रहे।
आज कैबिनेट मंत्री के घर पर हल्ला बोल
संघर्ष समिति के मुताबिक, शनिवार को कैबिनेट मंत्री और दक्षिण विधानसभा से विधायक योगेंद्र उपाध्याय के घर सुबह 10 बजे ढोल-नगाड़ों और मंजीरे के साथ हल्ला बोला जाएगा। समिति उनसे भूमिगत मेट्रो बनवाने में साथ देने की मांग करेगी।