तीन बार ट्रैफिक नियम तोड़ने के बाद चालान जमा नहीं करने वालों की मुश्किल बढ़ने जा रही है। विभाग की ओर से ऐसे वाहन चालकों की जानकारी जुटाई जा रही है। इनका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
यातायात नियमों का लगातार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है। 1 जनवरी 2025 से अब तक तीन या उससे अधिक बार यातायात नियम तोड़ने और चालान का भुगतान न करने वालों का ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) निरस्त किया जाएगा। इसके लिए स्मार्ट सिटी के आईटीएमएस के डाटा की मदद ली जाएगी। डीएम मनीष बंसल ने ये निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आरटीओ को दिए। साथ ही उन्होंने पुलिस व परिवहन विभाग को प्रवर्तन कार्रवाई में तेजी लाने और ब्लैक स्पॉट्स को ठीक करने के भी निर्देश दिए।
विज्ञापन
बैठक के दौरान डीएम ने ई-इनफोर्समेंट के तहत परिवहन एवं पुलिस विभाग की अप्रैल-2026 में की गई कार्रवाई की समीक्षा की। सामने आया कि अप्रैल माह में परिवहन विभाग ने बिना हेलमेट के 1,327 और पुलिस विभाग ने 67,554 चालान किए। इसी तरह ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल पर भी बड़ी संख्या में चालान किए गए।
डीएम ने पिछले वर्ष की तुलना में दोनों विभागों की ओर से कम प्रवर्तन कार्रवाई पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा। परिवहन विभाग ने बताया कि चार यात्री कर अधिकारी न होने के कारण मुश्किल आई। डीएम ने इस माह लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, आरएम रोडवेज बीपी अग्रवाल, एआरटीओ प्रवर्तन आलोक अग्रवाल, एआरटीओ प्रशासन विनय कुमार सिंह, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार व सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
हर हादसे का तैयार होगा ब्योरा
हर सड़क हादसे का पूरा ब्योरा तैयार किया जाएगा। इसमें तारीख, एफआईआर, थाना प्रभारी का नाम, घटना स्थल की फोटो, रोड इंजीनियरिंग की स्थिति, दोषी का नाम व ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा डीएम ने एंबुलेंस का रिस्पॉन्स टाइम सुधारने, ट्रॉमा सेंटरों को चिह्नित करने, स्कूलों में अनिवार्य रूप से रोड सेफ्टी क्लब गठित करने और युवाओं को सड़क सुरक्षा मित्र बनाकर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस के एक भी लाइसेंस निलंबित न करने पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की समीक्षा के दौरान डीएम खासे नाराज दिखे। समीक्षा में सामने आया कि परिवहन विभाग ने 743 चालानों में से 39 प्रकरण लाइसेंस निलंबन के लिए आगे बढ़ाए, जबकि पुलिस विभाग ने 10,637 चालान करने के बावजूद एक भी लाइसेंस के निलंबन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई। इस दौरान उन्होंने आईटीएमएस के तहत पुलिस संचालन में प्राप्त 7,88,325 इमेजेज के सापेक्ष केवल 2,67,586 चालान होने और चालान राशि की कम रिकवरी पर भी सुधार के निर्देश दिए।
हादसों में आई कमी
बैठक में बताया गया कि जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच 418 दुर्घटनाएं हुई, जबकि बीते साल इस दाैरान 497 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं। वहीं माैतों का आंकड़ा भी बीते साल की अपेक्षा 274 से घटकर 248 रहा। जिले में चिह्नित 44 ब्लैक स्पॉट्स में से 41 पर रोड सेफ्टी ऑडिट पूरा हो चुका है। डीएम ने पुलिस को इसकी सत्यापन रिपोर्ट अगली बैठक में सौंपने को कहा।