फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा में पानी के लिए प्रदर्शन: हाथों में खाली बाल्टियां लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं, रोड जाम

Fri, 08 Apr 2022 04:18 PM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

भीषण गर्मी में भी जब पानी नहीं मिला तो जगदीशपुरा क्षेत्र के लोग सड़क पर उतर आए। खाली बर्तन लेकर आए लोगों ने नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि कई दिनों से क्षेत्र में पानी नहीं आ रहा है। कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो सका है।
विज्ञापन
पानी की किल्लत को लेकर सड़क पर उतरे लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में चार दिन से पानी न आने पर शुक्रवार सुबह महिलाएं सड़क पर उतर आईं। उन्होंने लोहामंडी-जगदीशपुरा रोड पर सेक्टर-4 मोड़ पर हाथों में बाल्टियां लेकर प्रदर्शन किया। दो पहिया वाहनों को रास्ते में खड़ा कर रस्सियां बांधकर रास्ता बंद कर दिया। उन्होंने तीन घंटे तक लोहामंडी-जगदीशपुरा रोड को बंद रखा और प्रदर्शन किया। दोपहर बाद जलकल अधिकारी मौके पर पहुंचे और शनिवार से वैकल्पिक व्यवस्था करने का भरोसा दिया, तब जाकर महिलाओं ने रास्ता खोला।

विज्ञापन


चार दिन पहले सेक्टर चार के पास पानी की नई लाइन बिछाने के दौरान पुरानी लाइन टूट गई थी। इसकी मरम्मत की गई, पर 15 मीटर पाइप का टुकड़ा गहराई की जगह काफी ऊंचाई पर लगा दिया गया, जिससे सेक्टर चार में पानी पहुंचना बंद हो गया। नवरात्र और रमजान में चार दिनों से पानी न आने के कारण लोगों में रोष था। 

शुक्रवार सुबह 10 बजे आक्रोशित महिलाओं ने बच्चों और युवकों के साथ मिलकर सेक्टर चार के मोड़ पर जाम लगा दिया। नारेबाजी और जाम की सूचना पर पुलिस पहुंची, पर महिलाएं जलकल अधिकारियों के आने और पानी की मांग पर अड़ी रहीं। दोपहर में अफसरों के आने के बाद एक बजे जाम खोला गया। तेज धूप में इससे वाहन चालकों को आवास विकास कॉलोनी होकर निकलना पड़ा।
विज्ञापन


चार दिन से टहला रहे थे अधिकारी

जगदीशपुरा रोड निवासी पिंकी देवी ने कहा कि लोहामंडी और वाटरवर्क्स जाकर पानी न आने की शिकायत की। अधिकारी हर बार दो घंटे में पानी आने की कहते रहे और हम चार दिन तक पानी का इंतजार करते रहे। नवरात्र में कैसे पूजा करें। इसलिए जाम के अलावा कुछ और नहीं सूझा। 

बिना पानी कैसे काम चलाएं

सेक्टर चार निवासी शांति देवी ने कहा कि चार दिनों से एक बूंद पानी नहीं आया। सबमर्सिबल वाले भी अब पानी नहीं देते। आसपास कोई टीटीएसपी भी नहीं जो पानी भर लाएं। बिना पानी के कैसे काम करेंगे। इसलिए जाम लगाया कि अधिकारी सुनते ही नहीं। चार दिनों से रोज चक्कर लगा रहे थे।

नहाना भी मुश्किल हो रहा

सेक्टर-4 मोड़ निवासी सुमित्रा ने कहा कि जलनिगम वाले पानी की लाइन तोड़ गए। हमने शिकायतें की तो जब जोड़ने आए तो काफी ऊपर पाइपलाइन बिछा गए। उससे पानी आना बंद हो गया। नवरात्र में पूजा पाठ नहीं कर पाए। नहाना भी मुश्किल हो रहा है। 

संयुक्त टीम करेगी निदान

जलकल के महाप्रबंधक आरएस यादव ने कहा कि सेक्टर चार के पास टूटी लाइन को गलत ढंग से जोड़ दिया गया था, लेकिन जलनिगम से वार्ता हो गई है। उनके साथ हमारी संयुक्त टीम जाएगी और समस्या दूर करेगी। मैने जाम की सूचना पर अपने इंजीनियरों को मौके पर भेजा था।

नहर की मरम्मत से सप्लाई प्रभावित

बुलंदशहर के पालड़ा फॉल में गंगाजल अपर गंगा कैनाल के जरिए पहुंचता है। नहर की मरम्मत के कारण चार दिनों से गंगाजल की मात्रा में कमी आई है। शुक्रवार को यह 105 क्यूसेक तक रही, जबकि आगरा और मथुरा को 150 क्यूसेक पानी पालड़ा फॉल से कंड्यूम पाइप के जरिए सामान्य दिनों में पहुंचता है। गंगाजल की मात्रा एक तिहाई घटने के कारण जलकल विभाग शहर के जीवनीमंडी वाटरवर्क्स को ही पूरा गंगाजल पहुंचा रहा है। 

आपूर्ति बढ़ने पर सिकंदरा स्थित वाटरवर्क्स को बाकी गंगाजल देकर यमुना का जल शोधित किया जा रहा है, जिसके लिए 144 एमएलडी क्षमता के एमबीबीआर प्लांट को चलाया जा रहा है। जलकल विभाग के महाप्रबंधक आरएस यादव के मुताबिक गंगाजल की मात्रा में बार-बार उतार चढ़ाव से सप्लाई प्रभावित हो रही है।
विज्ञापन

जलकल कार्यालय पर किया प्रदर्शन

गंगाजल की आपूर्ति में आई कमी का असर शहर की जलापूर्ति पर पड़ रहा है। दयालबाग क्षेत्र में पानी न आने से परेशान लोगों ने जलकल कार्यालय पर प्रदर्शन कर पानी मांगा। दयालबाग के नगला हवेली निवासी रामवीर सिंह और सौरभ चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे युवकों ने महाप्रबंधक जलकल कार्यालय के बाहर खड़े होकर नारेबाजी की। 

जलकल महाप्रबंधक आरएस यादव के न मिलने पर उनके कार्यालय के गेट पर ही ज्ञापन चस्पा कर दिया। उन्होंने दयालबाग में पानी देने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में आकाश शुक्ला, माधव त्यागी, ललित यादव, आकाश चाहर, वीरू सुमन, अजीत सिंह, सुयश चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें