चार दिन से टहला रहे थे अधिकारी
जगदीशपुरा रोड निवासी पिंकी देवी ने कहा कि लोहामंडी और वाटरवर्क्स जाकर पानी न आने की शिकायत की। अधिकारी हर बार दो घंटे में पानी आने की कहते रहे और हम चार दिन तक पानी का इंतजार करते रहे। नवरात्र में कैसे पूजा करें। इसलिए जाम के अलावा कुछ और नहीं सूझा।
बिना पानी कैसे काम चलाएं
सेक्टर चार निवासी शांति देवी ने कहा कि चार दिनों से एक बूंद पानी नहीं आया। सबमर्सिबल वाले भी अब पानी नहीं देते। आसपास कोई टीटीएसपी भी नहीं जो पानी भर लाएं। बिना पानी के कैसे काम करेंगे। इसलिए जाम लगाया कि अधिकारी सुनते ही नहीं। चार दिनों से रोज चक्कर लगा रहे थे।
नहाना भी मुश्किल हो रहा
सेक्टर-4 मोड़ निवासी सुमित्रा ने कहा कि जलनिगम वाले पानी की लाइन तोड़ गए। हमने शिकायतें की तो जब जोड़ने आए तो काफी ऊपर पाइपलाइन बिछा गए। उससे पानी आना बंद हो गया। नवरात्र में पूजा पाठ नहीं कर पाए। नहाना भी मुश्किल हो रहा है।
संयुक्त टीम करेगी निदान
जलकल के महाप्रबंधक आरएस यादव ने कहा कि सेक्टर चार के पास टूटी लाइन को गलत ढंग से जोड़ दिया गया था, लेकिन जलनिगम से वार्ता हो गई है। उनके साथ हमारी संयुक्त टीम जाएगी और समस्या दूर करेगी। मैने जाम की सूचना पर अपने इंजीनियरों को मौके पर भेजा था।
नहर की मरम्मत से सप्लाई प्रभावित
बुलंदशहर के पालड़ा फॉल में गंगाजल अपर गंगा कैनाल के जरिए पहुंचता है। नहर की मरम्मत के कारण चार दिनों से गंगाजल की मात्रा में कमी आई है। शुक्रवार को यह 105 क्यूसेक तक रही, जबकि आगरा और मथुरा को 150 क्यूसेक पानी पालड़ा फॉल से कंड्यूम पाइप के जरिए सामान्य दिनों में पहुंचता है। गंगाजल की मात्रा एक तिहाई घटने के कारण जलकल विभाग शहर के जीवनीमंडी वाटरवर्क्स को ही पूरा गंगाजल पहुंचा रहा है।
आपूर्ति बढ़ने पर सिकंदरा स्थित वाटरवर्क्स को बाकी गंगाजल देकर यमुना का जल शोधित किया जा रहा है, जिसके लिए 144 एमएलडी क्षमता के एमबीबीआर प्लांट को चलाया जा रहा है। जलकल विभाग के महाप्रबंधक आरएस यादव के मुताबिक गंगाजल की मात्रा में बार-बार उतार चढ़ाव से सप्लाई प्रभावित हो रही है।
जलकल कार्यालय पर किया प्रदर्शन
गंगाजल की आपूर्ति में आई कमी का असर शहर की जलापूर्ति पर पड़ रहा है। दयालबाग क्षेत्र में पानी न आने से परेशान लोगों ने जलकल कार्यालय पर प्रदर्शन कर पानी मांगा। दयालबाग के नगला हवेली निवासी रामवीर सिंह और सौरभ चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे युवकों ने महाप्रबंधक जलकल कार्यालय के बाहर खड़े होकर नारेबाजी की।
जलकल महाप्रबंधक आरएस यादव के न मिलने पर उनके कार्यालय के गेट पर ही ज्ञापन चस्पा कर दिया। उन्होंने दयालबाग में पानी देने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में आकाश शुक्ला, माधव त्यागी, ललित यादव, आकाश चाहर, वीरू सुमन, अजीत सिंह, सुयश चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।