वृद्धावस्था पेंशन का इंतजार देख रहे बुजुर्गों के लिए अच्छी खबर है। शासन से लक्ष्य बढ़ा दिए जाने के बाद बुजुर्गों को पेंशन पाने की आस बंध गई है। काफी समय से विभाग में बड़ी संख्या में आवेदन लंबित चल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में 5000 सीनियर सिटीजन का पेंशन पाने का सपना अब जल्द पूरा हो जाएगा। शासन से वृद्धावस्था पेंशन का लक्ष्य बढ़ा दिया है। जिला सीनियर सिटीजन के काफी समय से आवेदन लंबित चल रहे हैं उनको लक्ष्य बढ़ जाने से योजना का लाभ मिल जाएगा।
विज्ञापन
शासन से अभी तक जिला के 12321 सीनियर सिटीजन को वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। इसके बाद भी काफी संख्या पात्र सीनियर सिटीजन पेंशन योजना का लाभ पाने से वंचित हैं। ऐसे पात्रों के बड़ी संख्या में आवेदन प्रतिवर्ष ही समाज कल्याण कार्यालय में जमा होते हैं। विभाग के द्वारा प्रतिवर्ष कराए जाने वाले सत्यापन में मृतकों के नाम निकल जाने के बाद उतने ही आवेदनों को जांच के बाद पात्र पाए जाने पर योजना में शामिल कर पेंशन खाते में भेजी जाती है। इसके बाद भी हजारों आवेदन लंबित रह जाते हैं।
ऐसे आवेदक पेंशन पाने के लिए विभाग के कार्यालय के अलावा अधिकारियों के पास भी चक्कर लगाते रहते हैं, ताकि उनकी पेंशन बंध जाए और वे अपना जीवन यापन कर सकें। ऐसे आवेदनों के ढेर समाज कल्याण कार्यालय, विकास खंड कार्यालय आदि पर लगे रहते हैं। शासन से अब जिले के लिए 5 हजार पेंशन का लक्ष्य बढ़ा दिया है, जिससे ऐसे पात्र आवेदकों की पेशन पाने की आस बंध गई है।
योजना का दिया जाएगा लाभ
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि शासन से जिला के लिए लक्ष्य बढ़ा दिया है। विभाग के पास काफी संख्या में आवेदन लंबित चल रहे हैं। लक्ष्य बढ़ जाने से ऐसे आवेदकों को लाभ मिलेगा। आवेदन की जांच कराई जाएगी। जांच में जो पात्र पाए जाएंगे उनको योजना का लाभ दिया जाएगा।