आगरा में शुक्रवार दोपहर में बारिश के कारण आधे शहर की सड़कें पानी में डूब गईं। फतेहाबाद रोड, ताजगंज, सुल्तानगंज, लंगड़े की चौकी, यमुना किनारा और बल्केश्वर की ओर बारिश के कारण जलभराव हो गया। लंगड़े की चौकी के नाले का पानी सड़क पर भरने से दो बच्चे फंस गए। क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें नाले में गिरने से बचाया।
वार्ड-12 नगला हरमुख में लंगड़े की चौकी क्षेत्र के पार्षद किशन नायक ने बताया कि नालों की सफाई न होने से जलभराव हो गया। निगम की लापरवाही का खामियाजा लोगों को उठाना पड़ रहा है। क्षेत्रीय निवासी सतीश के बेटों सोना (7) और छोटा (10) को जलभराव के कारण नाले का पता नहीं चला और वे किनारे पहुंच गए। गिरने से पहले ही उन्हें लोगों ने निकाल लिया।
ताजगंज क्षेत्र के वार्ड 59 में ताजमहल रोड पर बारिश के सड़कें पानी में डूब गईं। यही हाल फतेहाबाद रोड का रहा, जहां आईटीसी होटल के आगे से लेकर जेपी पैलेस होटल तक जलभराव हो गया। बेलनगंज में पुराना जर्जर मकान ढह गया। मानसून के एक माह में बालूगंज में पांच मकानों समेत आठ भवन अब तक गिर चुके हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि लंगड़े की चौकी में शाही कैनाल नाला निर्माण की योजना स्वीकृत हो गई है। टेंडर के बाद जल्द काम शुरू होगा।