डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने योजना बनाई है कि शैक्षणिक सत्र 2018-19 के छात्र-छात्राओं को बिना गलती वाली डिग्री दी जाए। इस सत्र की डिग्रियां छात्रों के घरों पर भी भेजने की तैयारी है। विश्वविद्यालय की ओर से प्रारूप तैयार कराया गया है, इसमें कॉलेजों द्वारा छात्रों के नाम व पते भरवाए जाएंगे।
छात्र-छात्राओं की ओर से परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान की जाने वाली गलतियों से उनके शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में गलतियां हो रही हैं। सर्वाधिक गलती छात्रों के नाम में हो रही है। विश्वविद्यालय ने जो प्रोफार्मा भरवाया है, उसमें कॉलेज को छात्र का नाम अंग्रेजी और हिंदी दोनों में देना होगा। विद्यार्थी का सत्यापित पता भी प्रोफार्मा में भरना होगा।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि प्रारूप पत्र कॉलेजों की लॉग इन आईडी पर डाला जाएगा। उनसे अपेक्षा की जाएगी वह छात्र को बुलाकर उसके विवरण की जांच करा लें। वर्ष 2019 में उत्तीर्ण होने वाले अधिकतर छात्र-छात्राएं अभी कॉलेजों के संपर्क में होंगे। कॉलेज प्रशासन के हस्ताक्षर भी प्रोफार्मा लिए जाएंगे। उसे विश्वविद्यालय में मंगाकर पूर्व के रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा। यदि कोई गलती होगी तो संशोधन कर दिया जाएगा।
पता सत्यापित होने पर डिग्री घर भेजी जा सकती है
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अशोक मित्तल ने कहा कि छात्रों के पते न होने से डिग्री घर पर भेजने में परेशानी हो रही है। इसलिए कॉलेजों से सत्र 2018-19 के छात्रों के पते भी सत्यापित कराए जा रहे हैं। डिग्री घर भेजने में जो अन्य दिक्कतें हैं, उन्हें भी दूर करने के लिए कदम उठाया जाएगा।