एमबीबीएस फाइनल की छात्रा प्रिया
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 87वें दीक्षांत समारोह में (29 मार्च) सर्वाधिक सात पदक केडी मेडिकल कॉलेज, मथुरा की प्रिया को दिया जाना है। इसके बाद सर्वाधिक पांच पदक श्री वार्ष्णेय कॉलेज, अलीगढ़ की एमए हिंदी की छात्रा दिव्या शर्मा को मिलेंगे। जबकि चार पदक पीसी बागला कॉलेज, हाथरस की एमए अर्थशास्त्र की छात्रा पूजा को दिए जाने हैं। इसके अलावा पांच छात्र-छात्राओं को तीन-तीन और 16 को दो-दो पदक दिउ जाने हैं। इस संबंध में 15 मार्च तक आपत्तियां मांगी गई हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी प्राथमिक सूची के आधार पर दिव्या शर्मा को मुंशीराम शर्मा स्वर्ण पदक, महेंद्र जी स्मृति स्वर्ण पदक, डॉ. श्रीमती इंदिरा शर्मा स्वर्ण पदक, श्री बीपी श्रीवास्तव स्वर्ण पदक, कुमारी नीरू डेका स्मृति स्वर्ण पदक दिए जाने है। पूजा को सुंदर लाल मेहरा स्मृति स्वर्ण पदक, चंद्रावती कपूर शिक्षा फाउंडेशन स्वर्ण पदक, चौधरी चरण सिंह स्मृति स्वर्ण पदक, श्री राम मनोहर लोहिया स्वर्ण पदक दिया जाना है।
पांच छात्र-छात्राओं को मिलेंगे तीन-तीन पदक
सूची में पांच छात्र-छात्राएं ऐसे हैं, जिनको दीक्षांत समारोह में तीन-तीन पदक दिए जाने हैं। वहीं, दो-दो पदक 16 छात्र-छात्राओं के हिस्से आने हैं। विश्वविद्यालय के पदक निर्धारण समिति के समन्वयक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिक सूची के आधार पर 15 मार्च तक छात्र-छात्राओं से साक्ष्य के साथ आपत्तियां मांगी गई हैं। यदि किसी की आपत्ति सही पाई जाती है तो सूची में बदलाव किया जाएगा।