आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पांच अप्रैल को प्रस्तावित 86वें दीक्षांत समारोह को स्थगित करने के लिए कुलपति प्रो. अशोक मित्तल की ओर से एक पत्र राजभवन भेजा गया है। कुलपति कोरोना संक्रमित हैं। कोरोना प्रोटोकॉल के तहत पांच अप्रैल को दीक्षांत समारोह में हिस्सा ले पाना उनके लिए संभव नहीं होगा।
पत्र लिखकर दीक्षांत समारोह को स्थगित करने का अनुरोध किया
कुलपति ने कुलाधिपति/राज्यपाल के अपर प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर दीक्षांत समारोह को स्थगित करने का अनुरोध किया है। जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर के मुताबिक कुलपति ने अपर प्रमुख सचिव को बताया है कि कोरोना संक्रमित होने की वजह से वह क्वारंटीन हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के निर्देशन में उनका उपचार चल रहा है। कुलपति ने यह बताया कि विवि में प्रति कुलपति की तैनाती भी नहीं है, इससे भी दीक्षांत समारोह का आयोजन पांच अप्रैल को संभव नहीं होगा।
ये भी पढ़ें- डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय: ऑनलाइन हो सकता है दीक्षांत समारोह, ये है वजह
समारोह में शामिल होने की सूचना देने पहुंचे पदक धारक
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले पदक और उपाधि धारकों को 31 मार्च को सहायक कुलसचिव (प्रशासन) के कार्यालय में समारोह में शामिल होने की सूचना देनी थी। करीब 50 पदक और उपाधि धारकों ने सूचना दी। हालांकि इनको मौखिक रूप से बता दिया गया है कि दीक्षांत समारोह स्थगित हो सकता है।