परीक्षा का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी कर मांगी आपत्ति
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से स्नातक द्वितीय सेमेस्टर का प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम विवि की वेबसाइट और संबद्ध कॉलेजों की लॉगिन आईडी पर डाल दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक ने विश्वविद्यालय की ई-मेल आईडी पर 27 जुलाई तक आपत्तियां मांगी है, यदि परीक्षा कार्यक्रम में एक से अधिक प्रश्नपत्र एक पाली में हो या कोई प्रश्नपत्र परीक्षा कार्यक्रम में शामिल न हो, तो प्रमाण सहित जानकारी साझा की जा सकती है।
कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं दो पाली में होंगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 08:30 से 10:00 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 11:00 से दोपहर 12:30 बजे तक होंगी। ओएमआर शीट आधारित परीक्षा होगी। 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, किन्हीं 50 के उत्तर देने होंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम में परीक्षा की अवधि 20 दिन रखी गई है।
अगस्त के दूसरे सप्ताह से परीक्षा शुरू कराने की योजना
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ओमप्रकाश का कहना है कि द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी कर आपत्तियां मांगी गई हैं। परीक्षा अगस्त के दूसरे सप्ताह से कराने की योजना है। जिन कॉलेजों में अभी द्वितीय सेमेस्टर का पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पाया है, उनसे अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर पाठ्यक्रम पूरा कराने के लिए कहा गया है।