कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के एक गांव में ससुरालीजनों ने दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि पति ने दूसरी शादी भी कर ली। महिला ने पति समेत पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
थाना क्षेत्र के गांव भिलौली निवासी मानवेंद्र की बेटी पिंकी की शादी दो साल पहले मानवेंद्र पुत्र सूबेदार निवासी नौरथा थाना सिकंदराराऊ जनपद हाथरस के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति एवं अन्य ससुरालीजन महिला को दहेज के लिए परेशान करने लगे। चार अगस्त को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया।
महिला वहां से पने मायके चली गई और परिजनों को पूरी जानकारी दी। साथ ही बताया कि पति ने दूसरी शादी भी कर ली है। इसके बाद पीड़िता ने एसपी से मुलाकात कर शिकायत की।
एसपी के निर्देश पर सहावर पुलिस ने मानवेंद्र व पांच अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सहावर थाना प्रभारी राजेश मीणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पति ने कब दूसरी शादी की इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।