पटियाली। कोतवाली परिसर में एक शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों से मोहर्रम और कांवड़ यात्रा में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। वहीं ताजियों को अधिक ऊंचा बनाने के लिए कहा गया।
मुख्यातिथि उपजिलाधिकारी कुलदीप सिंह ने कहा कि मोहर्रम पर जुलूस और सावन में कांवड़ यात्रा शुरू होगी। उन्होंने कहा कि मोर्हरम पर ताजिए अधिक ऊंचा न बनाएं। अधिक ऊंंचे ताजियों से हादसा होने की आशंका बनी रहती है। कई बार ऊंचे ताजिए बिजली के तारों को छू जाते हैं, इससे हादसा हो सकता है। दो ताजियों के बीच उचित दूरी बनाए रखें, जिससे दिक्कतें न हों। कांवड़ यात्रा के लिए भी तैयारियां की गई हैं। दोनों ही समुदाय के लोग एक दूसरे की भावना का ध्यान रखें। पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय कुमार राणा ने कहा कि जुलूस परंपरागत मार्गों पर ही निकाले जा सकेंगे। शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गोविंद भल्लव शर्मा, व्यापारी नेता अनुराग वार्ष्णेय, जेई नीरज गौड, हिकमत फारूखी, मुसर्रत खां, इश्तेयाक अली,गुड्डु, अजमेरी आदि मौजूद रहे।
कस्बा के कोतवाली परिसर में कांवड यात्रा, मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिभान सिंह राठौर ने कहा कि पर्व शांतिपूर्वक और भाईचारे के साथ मिलकर मनाएं। शरारती तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ताजियादार पूर्व निर्धारित मार्गों पर ही ताजिए निकालेंगे। पर्व पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को जेल भेजा जाएगा। अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर झूठी सूचनाओं का विश्वास नही करें। इस दौरान इंस्पेक्टर क्राइम मनोज शर्मा, चेयरमैन चांद अली खान, राकेश पाराशर, विजय प्रकाश गुप्ता, प्रधान बदरूल हसन, अनबार खान, शकील खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।