बाइक पर सो रही श्वान को महिला ने डंडे से मारा था। श्वान गर्भवती थी। डिलीवरी के दाैरान उसकी माैत हो गई। श्वान ने दो पिल्लों को जन्म दिया, लेकिन आंखें खोलने से पहले उनकी भी माैत हो गई।
आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला पदी में महिला के डंडा मारने से घायल श्वान ने डिलीवरी के दौरान तड़पते हुए दम तोड़ दिया। उसके दो पिल्ले भी जन्म लेने के कुछ देर बाद मर गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। तब पशु प्रेमी अधिवक्ता ऋषि चौहान ने केस दर्ज कराया था।
विज्ञापन
अधिवक्ता ऋषि चौहान ने बताया कि डंडे से श्वान को मारने के बाद वह घायल हो गई थी। इलाज के लिए निजी डॉक्टर के पास लेकर गए थे। गर्भवती श्वान की देखभाल घटनास्थल के पास रहने वाले सुमित और उनकी बहनें कर रही थीं। शुक्रवार को डिलीवरी के दौरान श्वान ने दो पिल्लों को जन्म दिया, लेकिन आंखें खोलने से पहले ही वह मर गए। घायल और कमजोर श्वान ने दर्द से तड़पकर दम तोड़ दिया।
यह देख मोहल्ले के लोगों की आंखें नम हो गईं। पुलिस का कहना है कि श्वान के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद केस में धारा बढ़ाई जाएगी। स्थानीय निवासी सुमित ने बताया कि घटना के बाद से गर्भवती श्वान दर्द में थी, ठीक से खा-पी भी नहीं पा रही थी। सुबह जब उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ी, तो पशु चिकित्सक को बुलाया। तब तक वह मर चुकी थी।