डॉ. ओमकार सिंह उर्फ अंशुल
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के एटा जिले मे थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मुहल्ला हाजीपुरा निवासी चिकित्सक की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह ससुराल शादी की सालगिरह मनाने के लिए शुक्रवार देर शाम बाइक से जा रहा था। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव रामनगर कुठिला के पास वाहन ने टक्कर मार दी।
रविंद्र कुमार निवासी हाजीपुरा थाना कोतवाली नगर ने बताया कि उनका भाई ओमकार सिंह उर्फ अंशुल नेत्र चिकित्सक था। 19 जुलाई 2022 को वाहनपुर निवासी रोशनी के साथ उसका विवाह हुआ था। शुक्रवार देर शाम बाइक लेकर वह ससुराल के लिए निकला था। उसकी पत्नी और 1 वर्षीय पुत्र वीरप्रताप ससुराल में थे। वहां शादी की सालगिरह मनाने के लिए चिकित्सक घर से कहकर गया था।
जैसे ही उसकी बाइक कोतवाली देहात क्षेत्र के कुठिला रामनगर के पास पहुंची, वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चिकित्सक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल ओमकार को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची। जहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही घर में चीत्कार मच गया। वहीं पति की राह देख रही पत्नी मौत की सूचना मिलती ही अचेत होकर गिर पड़ी। थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।