ट्रेन में यात्रा के दौरान अगर किसी यात्री को आपकी वजह से दिक्कतें होती हैं या उसकी नींद खराब होती है तो आपके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। इसलिए सफर के दौरान कुछ विशेष बातों का ध्यान रखें।
ट्रेन में यात्रा करने वालों की नींद में खलल डालने वालों पर रेलवे सख्त हो गया है। यदि किसी यात्री ने रात के समय तेज आवाज में ट्रेन के अंदर गाना बजाया तो उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई होगी। तेज आवाज में मोबाइल पर बात करने वाले भी कार्रवाई से नहीं बच सकेंगे।
विज्ञापन
अक्सर ट्रेनों में रात के समय लोग मोबाइल पर गाना बजाते है तो वहीं समूह में यात्रा करने वाले लोग तेज आवाज में बात करते है। वहीं तमाम यात्री मोबाइल पर तेज आवाज में बाते करने से बाज नहीं आते। या फिर लाइट जलाकर रखते है। ऐसा करने से अन्य यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार झगड़े तक की नौबत आ जाती है। ऐसी तमाम शिकायतें रेलवे के पास पहुंचती है। इन शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है।
ट्रेन में ऐसा करने वालों की शिकायत टीटीई से की जा सकती है। टीटीई ऐसे यात्रियों के पास जाकर उन्हें समझाकर गाने बंद कराएगा या फिर तेज आवाज में बातें न करने की हिदायत देगा। इसके बाद भी यात्री अपनी हरकतों से बाज नहीं आता है तो फिर टीटीई ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ और जीआरपी स्टॉफ को मामले की जानकारी देगा। इसके बाद आरपीएफ या जीआरपीएफ स्टॉफ संबंधित यात्री का चालान काटने और धारा 145 के तहत कार्रवाई करेगा।
विज्ञापन
इज्जत नगर रेल मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि रात के समय नींद खराब करने वालों के खिलाफ रेलवे का रुख काफी सख्त है। टीटीई की काउंसलिंग के बाद भी कोई यात्री नहीं मानता है तो उसके खिलाफ जीआरपी या आरपीएफ स्टॉफ कार्रवाई करेगा।