आगरा। भगवान टॉकीज स्थित देसी शराब की कैंटीन के संचालक का रुपयों के लेन-देन में युवकों से विवाद हो गया। आरोपी धमकी देकर चले गए। रात में घर जाते समय आरोपियों ने लाठी-डंडे से हमला किया, जिससे कर्मचारी का सिर फट गया। थाना न्यू आगरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना एकता क्षेत्र के खुशबू रेजिडेंसी सेमरी निवासी हरिओम गुप्ता ने तहरीर दी। बताया कि वह भगवान टॉकीज नगला पदी स्थित देसी शराब की दुकान में कैंटीन संचालन करते हैं। बृहस्पतिवार शाम को कुछ युवक कैंटीन पर आए। खाने के रुपयों के लेन-देन में उनसे कहासुनी हो गई।
रात को दुकान बंद होने के बाद कैंटीन में काम करने वाले ऋषभ और वह घर जा रहे थे। दुकान से निकलते ही पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने हमला बोल दिया। डंडे के हमले से ऋषभ का सिर फट गया। शोर सुनकर लोग आए तो आरोपी धमकी देकर भाग गए।