कासगंज। सोरोंजी के गांव बदनपुर और कुंवरपुर के ग्रामीणों के बीच शराब के नशे में विवाद हो गया। इस दौरान फायरिंग भी की गई। घटना के दौरान तमंचे के साथ एक युवक का वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सोमवार की रात करीब 10 बजे गांव बदनपुर व कुंवरपुर के ग्रामीणों में शराब पीकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। इस दौरान गांव बदनपुर निवासी विष्णु कुमार ने तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना पर गोरहा चौकी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सूचना पर मंगलवार को आरोपी को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई कर उसे जेल भेजा है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि गांव कुंवरपुर व बदनपुर के ग्रामीणों में विवाद हुआ है। एक आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है।