सोरोंजी। तीर्थनगरी के लहरा गंगाघाट पर सोमवार को सुबह के समय गंगा स्नान के दौरान मारहरा के कांवड़ यात्रियों व पीएसी फ्लड यूनिट के जवान के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कांवड़िये बैरिकेडिंग तोड़कर गहरे पानी में जाने की कोशिश कर रहे थे। इसके चलते काफी देर तक पीएसी के जवानों और कांवड़ियों के बीच कहासुनी होती रही। दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। आक्रोशित कांवड़िये घाट पर ही धरने पर बैठ गए। एसडीएम संजीव कुमार, सीओ आंचल चौहान व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने वार्ता कर आक्रोशित कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया।
लहरा गंगा घाट पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पीएसी की फ्लड यूनिट तैनात की गई है। यह फ्लड यूनिट गंगा घाट पर निरंतर निगरानी कर रही है। सोमवार की सुबह एटा के मारहरा के कुछ युवक कांवड़ भरने से पहले गंगा स्नान को पहुंचे। इस बीच युवक गंगा में लगी बैरिकेडिंग पार करके गहरे पानी में जाने लगे। पीएसी फ्लड यूनिट के जवानों ने उन्हें ऐसा करने से रोका, इसी बात पर विवाद हो गया। कांवड़ियों और पीएसी यूनिट के जवान के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते हाथापाई की नौबत आ गई। इससे कांवड़िये उत्तेजित हो गए और धरने पर बैठ गए। काफी देर तक गहमा-गहमी बनी रही। सूचना पर एसडीएम संजीव कुमार, सीओ आंचल चौहान मौके पर पहुंच गईं। कांवड़ियों की सूचना पर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सतीश गुप्ता, नगर अध्यक्ष अखिलेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर आक्रोशित कांवड़ियों से बातचीत की और उन्हें समझाकर शांत कराया। मामला शांत होने के बाद कांवड़ियों ने कांवड़ भरी। यह कावड़िये 251 फीट लंबी कांवड़ पिछले कई वर्षों से भर रहे हैं।
कहासुनी का वीडियो वायरल
सोरोंजी। लहरा गंगाघाट पर कांवड़िये व पीएसी फ्लड यूनिट के जवानों के बीच हुई कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एक्स पर सीएम, डीएम व पुलिस के अधिकारियों से शिकायत की गई।
वर्जन-
जनता की सुरक्षा के लिए पीएसी फ्लड यूनिट तैनात है। कांवड़िये बैरिकेडिंग तोड़कर गहरे पानी की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे। पीएसी के जवानों ने उन्हें रोका। इस बात पर विवाद हुआ और कांवड़िये धरने पर बैठ गए। जिन्हें समझा बुझाकर शांत किया गया। गंगा में अधिक पानी होने के कारण कोई हादसा न हो इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है-।- अंकिता शर्मा, एसपी।