कमला नगर निवासी अधिवक्ता शशांक अग्रवाल का ब्लाक 77, संजय प्लेस में कार्यालय है। बृहस्पतिवार सुबह 10:30 बजे वह कार्यालय पहुंचे। ब्लाक की पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने लगे। इसी दाैरान पार्किंग संचालक कर्मवीर बघेल अन्य कर्मचारियों के साथ आ गए। आरोप है कि वह रुपयों की मांग करने लगे।
शशांक अग्रवाल ने बताया कि वह महीने के हिसाब से भुगतान करने की कहने लगे। इस पर पार्किंग संचालक के कर्मचारी रसीद काटने लगे। मना करने पर एक युवक पीछे से आ गया। रास्ता रोककर बहस करने लगा। अपने साथियों को बुला लिया। सभी ने घेरकर पीटना शुरू कर दिया। कपड़े फाड़ दिए। वह किसी तरह जान बचाकर भागे और घर पहुंचे।
शशांक ने बताया कि बाद में वापस ऑफिस आए। तभी चाैकी से दो पुलिसकर्मी पहुंचे। पार्किंग कर्मचारी से मारपीट का आरोप लगाते हुए चाैकी पर ले गए। ठेकेदार और उन्हें हवालात में डाल दिया। पता चलने पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पर पहुंच गए। उन्होंने आक्रोश जताया।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की शह पर पार्किंग ठेकेदार गुंडई कर रहे हैं। जिससे मारपीट हुई, उसी को पुलिस ने हवालात में डाल दिया। पुलिस से अधिवक्ताओं की नोकझोंक हुई। उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल सहित अन्य पहुंच गए।
दोनों पक्षों में बातचीत के बाद पुलिस ने ठेकेदार और अधिवक्ता को हवालात से निकाला। अधिवक्ताओं का आरोप है कि हवालात में बंद करने का विरोध करने पर थाना प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने धक्का देकर अधिवक्ताओं को थाने से बाहर कर दिया। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
http://