पुलिस सेवा का मूल मंत्र है अनुशासन
परेड की सलामी के बाद किया विभागीय शाखाओं का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। पुलिस सेवा में रहने के दौरान सफलता का एक ही मंत्र है अनुशासन। जो पुलिसकर्मी अपने उच्चाधिकारियों के आदेश का पालन करता है और अपने कार्य के प्रति ईमानदार होता है, उसकी राह की अड़चन स्वत: हट जाती हैं। शनिवार को यह बात आईजी आगरा जोन ने पुलिस लाइन में अपने दूसरे दिन के वार्षिक निरीक्षण के दौरान अधीनस्थों से कही।
दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण पर शुक्रवार को मैनपुरी पहुंचे आईजी आगरा जोन दीपक कुमार ने शनिवार को दूसरे दिन पुलिस लाइन में परेड की सलामी ली। परेड़ की सलामी के बाद किसी आपात स्थिति में बलवा नियंत्रण को लेकर अभ्यास कराया गया। आईजी ने शस्त्रों और दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन आदि के बारे में विधिवत तरीकों से अवगत कराया। एसपी विनोद कुमार और एएसपी राहुल मिठास के साथ बलवाइयों पर नियंत्रण करने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी की बौछार, लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले, रबर बुलेट से काबू किए जाने को लेकर अहम जानकारियां दीं। इसके बाद आईजी ने क्वार्टर गार्द, बैरक, भोजनालय, यूपी 112 कार्यालय, परिवहन शाखा आदि निरीक्षण किया।
एलाऊ थाने में देखीं व्यवस्थाएं
आईजी दीपक कुमार, एसपी, एएसपी के साथ एलाऊ थाने का निरीक्षण करने पहुंचे। थाने में अपराध रजिस्टर देखा और दर्ज मुकदमों में अब तक की कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी ली। महिला थाना प्रभारी सविता सेंगर से कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए अराजक तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू करें। सुनिश्चित कर लें कि क्षेत्र में कोई भी आपराधिक गतिविधि का संचालन न होने पाए। आईजी ने थाना परिसर में चौकीदारों के साथ भी बैठक की। उनका उत्साह बढ़ाने को वस्त्र आदि दिए। कहा कि चौकीदार पुलिस के साथ अपना सहयोग जारी रखें।