कासगंज। कुंभ मेले के लिए प्रयागराज में जल की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाने के लिए बिजनौर व उत्तराखंड के बैराजों से गंगा में जल का डिस्चार्ज बढ़ाया गया है। वहीं, नरौरा बैराज से भी एक पखवाड़े से पांच हजार क्यूसेक का डिस्चार्ज नियमित रूप से चल रहा है। यह प्रयास प्रयागराज में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के लिए की जा रहे हैं। श्रद्धालुओं केा कुंभ स्नान के दौरान गंगा में डुबकी लगाने के लिए दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
पूरे दिसंबर माह में नरौरा बैराज से जिले की ओर कभी 800 तो कभी 1000 क्यूसेक का डिस्चार्ज नियमित रूप से चल रहा था, लेकिन 24 दिसंबर से डिस्चार्ज बढ़कर 5000 क्यूसेक हो गया है। नरौरा से इतना पानी लगातार प्रतिदिन चल रहा है। इससे लहरा गंगाघाट, कछला व कादरगंज गंगाघाटों पर भी गंगा के पानी में कुछ वृद्धि हुई है। गंगा की धारा जिले की सीमा से होकर फर्रुखाबाद कानपुर की ओर से प्रयागराज पहुंचती है। इस बार कुंभ में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के लिए सिंचाई विभाग गंभीर बना हुआ है। नियमित डिस्चार्ज की निगरानी हो रही है।