कासगंज। बदलती जीवन शैली और पोषक तत्वों की कमी लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। कम उम्र में ही लोगों में विटामिन डी की कमी से डिस्क खिसकने की समस्या सामने आ रही है। युवाओं के साथ बच्चे भी इस बीमारी से ग्रसित हो रहे हैं।
जिला अस्पताल के अस्थि रोग विभाग में प्रतिदिन डेढ़ सौ तक मरीज पहुंचते हैं। इन मरीजों में कमर दर्द, हाथ व पैर में दर्द की समस्या के मरीजों की संख्या 20 से 25 तक रहती है। इनमें युवा और बच्चे भी शामिल हैं। जांच में विटामिन डी का स्तर कम मिल रहा है।
कमर दर्द से परेशान मरीजों की डिस्क खिसकने की समस्या सामने आ रही है। इनमें युवा और बच्चे भी शामिल हैं। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहितास का कहना है कि पहले विटामिन डी की कमी 60 साल की उम्र के बाद सामने आती थी, लेकिन अब यह समस्या बच्चों व युवाओं में भी देखी जा रही है। भोजन में पर्याप्त पोषक तत्व न लेने व धूप में न बैठने से यह समस्या सामने आ रही है।
यह होती हैं परेशानियां
- हड्डियां खोखली हो सकती हैं
- हड्डियां पतली व भंगुर हो जाती हैं
- हड्डियां नरम हो जाती हैं
ये होते हैं लक्षण
- मांस पेशियों, हड्डियाें में दर्द व ऐंठन
- थकान, सुस्ती और उदासी
- बाल झड़ना
- घाव का ठीक न होना
- प्रतिरोधक क्षमता कम होना
- मुंह में जलन, सुन्नता, सूखापन होना
ये करें उपाय
- प्रतिदिन सुबह की धूप लें
- डेयरी प्रोडेक्ट को भोजन में शामिल करें
- मशरूम, गाजर, ब्रोकली, काशीफल, मूली के पत्ते भोजन में शामिल करें
- कीवी, संतरा, केला, अमरूद, पपीता, आंवला, शकरकंद का सेवन करें
जिला अस्पताल में डिस्क खिसकने की बीमारी से परेशान होकर 20 से 25 लोग प्रतिदिन आते हैं। इनमें युवा भी शामिल हैं। जांच में विटामिन डी का स्तर कम निकल रहा है। खानपान में ध्यान न देने से यह समस्या आ रही है। -डॉ. कृष्ण अवतार, अस्थि रोग विशेषज्ञ