आगरा में वायु सेना स्टेशन का आकाश 29 नवंबर यानि आज जांबाजों के हवाई करतबों का साक्षी बनेगा। आसियान देशों की विभिन्न एजेंसियां आगरा में संयुक्त अभ्यास करेंगी। ये आयोजन 30 नवंबर तक चलेगा। तीनों दिन मानवीय सहायता और आपदा राहत पर सेमीनार होंगी। इस अवसर पर आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आएंगे।
विज्ञापन
आपदा की स्थिति में मानव जीवन को बचाने और राहत कार्यों को बेहतर ढंग से करने के लिए आगरा के वायु सेना स्टेशन में आसियान देशों का संयुक्त अभ्यास सत्र समन्वय 2022 आयोजित हो रहा है। वायु सेना इसे आयोजित कर रही है। सोमवार को इसका शुभारंभ हुआ। इसमें भाग लेने के लिए सैन्य अधिकारी व विशेषज्ञ आगरा पहुंच गए हैं। रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि बहु एजेंसियों से तालमेल को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त अभ्यास किया जा रहा है। उनके श्रेष्ठ अनुभवों का लाभ उठाया जाएगा।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ले. जनरल रविंद्र साही मंगलवार को संयुक्त अभ्यास सत्र में भाग लेने के लिए आगरा आ रहे हैं। वे सुबह 11.30 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। फिर 12.15 बजे एयरफोर्स स्टेशन जाएंगे।