पुष्प एंकलेव में घरो में एक माह से पहुंच रहा झगदार, गन्दा, बदबूदार पानी।
आगरा। शहर में लोहामंडी, खतैना रोड की पुष्प एन्क्लेव, गोकुलपुरा, खटीकपाड़ा, रूई की मंडी, चार बाग, सेक्टर-4 बी आवास विकास कॉलोनी और किशोरपुरा-जगदीशपुरा क्षेत्र के घरों में गंदा, काला और बदबूदार पानी पहुंच रहा है। लीकेज लाइनों के कारण सीवरयुक्त पानी पहुंचने से लोग परेशान हैं। रविवार को नगर आयुक्त सिकंदरा वाटर वर्क्स देखने पहुंचे जहां उन्होंने एमबीबीआर और गंगाजल ट्रीटमेंट प्लांट देखा। उन्होंने जलकल अधिकारियों को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के निर्देश दिए, लेकिन इन जगहों पर एक महीने से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है।
जगदीशपुरा, किशोरपुरा, सेक्टर-4 बी और गोकुलपुरा, लोहामंडी, खतैना रोड के पुष्प एन्क्लेव के घरों में नलों से सीवरयुक्त गंदा, काला, बदबूदार और झागदार पानी आने से लोग परेशान हैं। पुष्प एन्क्लेव निवासी सोनिया जैन ने बताया कि एक माह से नल से दूषित पानी आ रहा है। इससे संक्रामक रोगों की आशंका है।
क्षेत्रीय पार्षद रेनू गुप्ता से कई बार शिकायतें की गईं लेकिन जलकल विभाग ने इसका कोई निदान नहीं कराया है। क्षेत्रीय निवासी मनीष मल्होत्रा, साधना जैन, ममता जैन आदि ने सीवरयुक्त पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने सिकंदरा स्थित ट्रीटमेंट प्लांट एवं रॉ वाटर इंटेक वेल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और उपकरणों और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
गर्मी में पेयजल की मांग बढ़ने के कारण ट्रीटमेंट प्लांट को पूरी क्षमता से संचालित करने को कहा ताकि किसी भी क्षेत्र में कम प्रेशर की शिकायत न मिले। इस दौरान महाप्रबंधक संघ भूषण, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, आदित्य कुमार, परियोजना प्रबंधक गौरव चौधरी, सहायक अभियंता सरफराज कुरैशी भी मौजूद रहे।