आगरा। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की जीत के बाद क्रिकेटर ध्रुव जुरेल का लिया संकल्प पूरा होगा। ताज रोड स्थित संकटमोचक हनुमान मंदिर में वह सुंदरकांड का पाठ और भंडारा कराएंगे। उन्होंने इंडिया-ए की कप्तानी की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद यह संकल्प लिया।
बुधवार को ध्रुव ने मंदिर पहुंचकर बजरंगबली की पूजा-अर्चना की थी। मंदिर के पुजारी योगेश ने बताया कि ध्रुव परिवार के साथ मंदिर आए। उन्होंने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर टीम की जीत पर यह आयोजन कराने का संकल्प लिया। ध्रुव के साथ उनके पिता नेम सिंह जुरेल, मां रजनी, बहन नीरू, बहनोई योगेश राणा और दादी भी मंदिर पहुंची थीं। पुजारी ने बताया कि उनकी उपलब्धता के अनुसार तारीख तय करने के प्रयास होंगे। पहले से निर्धारित दूसरे आयोजनों को समायोजित किया जाएगा।