भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ताजनगरी के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव चंद जुरैल को अंडर-19 इंडियन क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया है। सोमवार की दोपहर में बीसीसीआई की जूनियर सलेक्शन कमेटी की ओर से टीम की घोषणा की गई।
ध्रुव श्रीलंका में तीन से 15 सितंबर तक होने वाले यूथ एशिया कप में भारतीय अंडर-19 टीम की अगुवाई करेंगे। इस समय ध्रुव इंग्लैंड में चल रही अंडर-19 त्रिकोणीय शृंखला में भारतीय टीम में खेल रहे हैं। शृंखला में इंग्लैंड और बंग्लादेश की अन्य टीमें हैं।
दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव अंडर-19 में भारत के लिए कई मैच खेल चुके हैं। ध्रुव इंडिया-ए टीम की ओर से भी लगातार शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। ध्रुव जुरैल को कप्तान बनाए जाने पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है।