डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 84वें दीक्षांत समारोह में भी ड्रेस कोड धोती-कुर्ता और साड़ी ही रहेगा। इस पर राजभवन की मुहर लग चुकी है। दीक्षांत समारोह की तैयारियों के संबंध में खंदारी परिसर स्थित अतिथि गृह में बैठक हुई। इसमें कई और निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता कुलपति डॉ. अरविंद कुमार दीक्षित ने की। इसमें तय किया गया कि इस बार अतिथियों को जारी किए जाने वाले निमंत्रण पत्र पर सीट संख्या भी दर्ज की जाएगी। जिससे उनको बैठने में असुविधा न हो। पदक और डिग्री धारकों के साथ शिक्षक और शिक्षिकाएं निर्धारित ड्रेस कोड में समारोह में हिस्सा लेंगे।
29 अक्तूबर को दीक्षांत समारोह प्रस्तावित है। अतिथियों के नाम अभी तक तय नहीं हो पाए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की कोशिश है कि अतिथियों से सहमति प्राप्त होने के बाद ही उनके नाम घोषित किए जाएं। समारोह के एक लाख से ऊपर दस लाख रुपये तक के खर्च के लिए शॉर्ट टर्म टेंडर के माध्यम से कार्य होगा। इसमें खानपान, टेंट आदि के कार्य शामिल हैं।
बैठक में तय किया गया कि दीक्षांत समारोह में पदक पाने वाले छात्र-छात्राओं की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर डाली जाएगी। आपत्ति दर्ज कराने के लिए एक हफ्ते का मौका दिया जाएगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद सूची फाइनल की जाएगी। पदक पुरस्कार समिति को पारदर्शिता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। टॉपर की उत्तर पुस्तिका सार्वजनिक की जाएगी।
बैठक में परीक्षा नियंत्रक ओमप्रकाश, उप कुलसचिव विश्वेश्वर प्रसाद, प्रोफेसर सुगम आनंद, प्रोफेसर मीनाक्षी श्रीवास्तव, प्रोफेसर विनीता सिंह, प्रोफेसर प्रदीप श्रीधर, प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव, प्रोफेसर अजय तनेजा, प्रोफेसर भारती सिंह, प्रोफेसर दीपमाला, डॉ. हेमा पाठक, डॉ. ब्रजेश रावत, डा. शरदचंद्र उपाध्याय आदि मौजूद रहे।