आगरा। कोलकाता में डिवीजन लीग के प्ले-ऑफ क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में रेलवे अंडर-23 खिलाड़ी धर्मेंद्र ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
जॉर्ज टेलीग्राफ स्पोर्ट्स क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 57.5 ओवर में 164 रन बनाकर पारी समाप्त की। अयान चोंगदार ने 39, और सोहेल अहमद खान ने 36 रन बनाए। इस पारी को बड़ा स्कोर बनने से रोकने में शमसाबाद के गढ़ी जहान निवासी धर्मेंद्र ठाकुर ने अहम भूमिका निभाई। धर्मेंद्र ने 15 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके।
जवाब में बीएनआर रिक्रिएशन क्लब ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 31 ओवर में 107 रन पर 1 विकेट खोया है। टीम को जीत के लिए अब 58 रनों की जरूरत है और उनके पास अभी 324 गेंद शेष हैं। अविनाश कुमार 57 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि मोहित रॉय 37 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। धर्मेंद्र के कोच प्रवीन कुमार ने बताया कि उन्होंने धर्मेंद्र की फिटनेस पर काफी काम किया है। उनकी गेंदबाजी में पैनापन आ गया है।