बिछवां। गांव फर्दपुर के पास स्थित ढाबा पर काम करने वाले कर्मचारी को बुधवार की रात किसी वाहन ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, बिछवां पुलिस ने ढाबाकर्मी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना क्षेत्र के गांव फर्दपुर निवासी मनोज कुमार जीटी रोड पर गांव के पास ही बजरंगी ढाबा चलाते हैं। उनके यहां अनिल निवासी चकखा, थाना पचरोपी, जिला सिवान, बिहार तंदूर पर रोटी सेंकने का काम करता था। ढाबा बंद होने के बाद अनिल बुधवार की रात करीब एक बजे घर पर सोने जा रहा था तभी भोगांव की ओर से आ रहे किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे ग्रामीणों ने शव को पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर अस्पताल से एक एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची, इसे पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग गया।