फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: ज्येष्ठ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

Tue, 10 Jun 2025 10:37 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
कासगंज/सोरोंजी। ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को हरि की पौड़ी, लहरा गंगा घाट और कछला गंगाघाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न कोनों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु तीर्थनगरी पहुंचे और गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।
विज्ञापन

पूर्णिमा तिथि का आगमन मंगलवार सुबह 11:35 बजे हुआ, जो 11 जून को दोपहर 1:10 बजे तक रहेगी। ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचने लगे थे। उन्होंने अपने पूर्वजों की आत्म शांति के लिए तीर्थपुरोहितों से पूजन-अनुष्ठान करवाए, दान-दक्षिणा दी और आशीर्वाद प्राप्त किया। कई श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया। गंगा स्नान के उपरांत, श्रद्धालुओं ने मां गंगा की पूजा-अर्चना की, दुग्धाभिषेक किया, चुनरी मनोरथ कर आरती उतारी। वहीं, कुछ भक्तों ने हरि की पौड़ी और शूकरक्षेत्र की पंचकोसी परिक्रमा कर हरिनाम संकीर्तन किया। परिक्रमा मार्ग में बैठे गरीब और निर्धनों को अनाज, कपड़े और पैसे दान किए गए। ज्येष्ठ मास में गंगा स्नान के बाद दान के विशेष महत्व को देखते हुए श्रद्धालुओं ने आम, शर्बत और लस्सी मंदिरों में दान स्वरूप भेंट की।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सोरोंजी स्थित वराह मंदिर पहुंचकर भगवान वराह की आरती उतारी, प्रसाद चढ़ाया और अपने परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। इसके अतिरिक्त, रघुनाथजी मंदिर, बालाजी दरबार, मानस मंदिर, सोमेश्वर मंदिर, सिद्ध हनुमान मंदिर, सिद्ध विनायक मंदिर, श्याम वराह मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, गंगा माता मंदिर और पंच महाशक्ति मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी पहुंचकर श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ प्राप्त किया।
विज्ञापन

गंगा किनारे लगे मेले से श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं की तस्वीरें, धार्मिक पुस्तकें और अन्य गृह उपयोगी सामान भी खरीदे। तीर्थनगरी में मौजूद अपने गुरुओं के आश्रमों जैसे महेश दयानंद, स्वामी अमृतानंद, ब्रह्मानंद आश्रम, वंशी वाले बाबा, टाटिया बाबा आश्रम और भूदत्त आश्रम में भी श्रद्धालु पहुंचे, जहाँ उन्होंने संत-महात्माओं के लिए अन्न क्षेत्र चलाकर भोजन कराया और दक्षिणा दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें