फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नववर्ष पर ब्रज के मंदिरों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कसी कमर

Fri, 25 Dec 2020 12:26 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर मथुरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

नववर्ष पर हर साल ब्रजभूमि मथुरा और वृंदावन में हजारों श्रद्धालु आते हैं। इस बार भारी भीड़ आने का अनुमान है। इसे लेकर प्रशासन, मंदिर प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। जिले में 12 ऐसे मंदिर हैं, जिनमें श्रद्धालुओं की सर्वाधिक संख्या रहेगी, इनके कर्मचारियों की कोविड जांच कराना शुरू कर दिया गया है। पार्किंग के स्थानों का चयन किया जा रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि शहर और कस्बे के अंदर वाहनों को न आने दिया जाए। इसलिए मुख्य मार्गों की पुरानी पार्किंग का ही उपयोग किया जाए। नए पार्किंग स्थल भी शीघ्र तैयार किए जाएंगे। 

विज्ञापन


लॉकडाउन में बंद किए गए ब्रज के सभी मंदिर खुल चुके हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ भी लगातार बढ़ती जा रही है। कई मंदिरों में कोविड के नियमों की अनदेखी भी हुई है। नए साल से पहले नए वायरस का शोर भी मचने लगा है। चूंकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु नए साल पर ठाकुरजी और राधारानी के दर्शन करने मथुरा आते हैं, इसलिए प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चिंतित है। 


स्वास्थ्य विभाग कोविड-19 के नियमों के तहत मास्क लगाने, सैनिटाइज का उपयोग करने तथा सामाजिक दूरी का पालन प्राथमिकता से करने पर जोर दे रहा है। इसके लिए प्रशासन के माध्यम से मंदिर प्रबंधन से कोविड गाइडलाइन के तहत सभी व्यवस्थाएं करने के लिए कहा जा रहा है। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, रंगजी मंदिर, प्रेम मंदिर, इस्कॉन मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, श्रीकृष्ण जन्मभूमि, राधारानी मंदिर बरसाना, दाऊजी मंदिर बलदेव, कीर्ति मंदिर बरसाना, गिरिराज जी मंदिर गोवर्धन में प्राथमिकता से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। 

विज्ञापन

इन मंदिरों में रहेगी भीड़
श्रीकृष्ण जन्मभूमि, श्री द्वारिकाधीश मंदिर, ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, श्रीरंगजी मंदिर, प्रेम मंदिर, इस्कॉन मंदिर, राधारानी मंदिर बरसाना, कीर्ति मंदिर बरसाना, दानघाटी मंदिर गोवर्धन, गिरिराज जी मंदिर जतीपुरा, दाऊजी मंदिर बलदेव व नरी सेमरी मंदिर।

बरसाना स्थित राधारानी मंदिर के रिसीवर डॉ. कृष्णमुरारी ने बताया कि राधारानी मंदिर में अंग्रेजी नववर्ष पर श्रद्धालुओं को दर्शन कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार कराए जाएंगे, जिसके लिए मंदिर प्रबंधक मंदिर के मुख्य मार्गों पर फ्लैक्स के माध्यम से श्रद्धालुओं को जागरूक करेंगे और प्रशासन का सहयोग लेंगे, साथ ही श्रद्धालुओं को लाउडस्पीकर के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। दर्शन करने वाले श्रद्धालु के लिए मास्क अनिवार्य रहेगा।

गोवर्धन आने वाले वाहनों की यह रहेगी पार्किंग व्यवस्था
- मथुरा से गोवर्धन आने वाले वाहन एकता चौराहे पर पार्क होंगे।  
- राजस्थान डीग से गोवर्धन आने वाले वाहन हनुमान बाबा आश्रम के पास पार्क होंगे। 
- बरसाना से गोवर्धन आने वाले वाहन छटीकरा के निकट पार्क होंगे। 
- वृंदावन से राधाकुंड होते हुए गोवर्धन पहुंचने वाले वाहन राधाकुंड गोवर्धन बाईपास पर पार्क होंगे।   
विज्ञापन

जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने बताया कि नववर्ष पर मथुरा जिले में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जाएगा। साथ ही कोविड-19 की गाइडलाइन का प्राथमिकता के आधार पर पालन कराया जाएगा। व्यवस्थाओं के संबंध में मंदिर प्रबंधन से भी लगातार चर्चा की जा रही है। 

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि नववर्ष जिले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। इनकी सुरक्षा तथा वाहनों की पार्किंग में व्यवस्था ठीक प्रकार की जाएगी। कोशिश रहेगी कि भीड़ वाले क्षेत्र में वाहन न जाएं। पार्किंग स्थल तय किए जाएंगे, जिससे किसी को परेशानी न हो। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें