फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अग्रिपथ योजना के विरोध में जिले में बंदी रही बेअसर

विज्ञापन
विज्ञापन
मैनपुरी। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में कुछ संगठनों की ओर से सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया गया था। इसको लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बंदोबस्त के बीच जिले में बंद का कोई भी असर नहीं रहा। सुबह से ही पुलिस और पीएसी गश्त करते नजर आए। सदर, भोगांव, बेवर, करहल आदि क्षेत्र में युवा संगठनों पर खुफिया विभाग की नजर रही।
विज्ञापन

भारतीय सेना में अग्निपथ योजना के तहत भर्ती को लेकर युवा विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आसपास के जनपदों में हो रहे प्रदर्शनों को देखते हुए अलर्ट है। वहीं युवाओं के साथ अब कुछ अन्य संगठन भी जुड़ चुके हैं, इनके द्वारा विरोध स्वरूप सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया गया था। इसको लेकर देशभर में अलर्ट जारी किया गया था। जिले में भी सुरक्षा को लेकर सुबह से पुलिस व पीएसी सुरक्षा में मुस्तैद रही। एसपी कमलेश दीक्षित ने सदर से लेकर देहात क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं जिले भर में कहीं भी बंदी का कोई असर देखने को नहीं मिला। इंस्पेक्टर कोतवाली विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ सुबह रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और वहां ट्रेन के आने व जाने तक स्थिति पर नजर बनाए रहे। भोजपुरा के पास हाल्ट स्टेशन पर भी पुलिस की कड़ी सुरक्षा रही। भोगांव में सीओ चंद्रकेश सिंह पुलिस बल के साथ स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही कर्मियों को निर्देशित करते नजर आए। इसके साथ ही बाजार में पुलिस व पीएसी ने पैदल गश्त कर जनता को सुरक्षा का एहसास कराया।
शाम को एएसपी मधुवन कुमार, सीओ सिटी विजय पाल सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली ने रोडवेज बस स्टैंड, क्रिश्चियन तिराहा, स्टेशन रोड, आगरा रोड आदि स्थानों पर पुलिसबल के साथ पैदल गश्त कर जनता व व्यापारियों से संवाद किया। वहीं बेवर में रोडवेज बसस्टैंड, अस्पताल तिराहा, बझेरा तिराहा, छिबरामऊ चुंगी, मोटा रोड तिराहा व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस फोर्स ने गश्त किया। करहल, किशनी, घिरोर, औंछा आदि थाना क्षेत्र में पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था देखी गई। दूसरी ओर खुफिया विभाग सक्रिय युवा संगठनों की प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए रहीं।
विज्ञापन

फेसबुक पर पोस्ट करने वाले चार युवा गिरफ्तार
कुरावली। क्षेत्र के गांव हीरापुर निवासी चार युवकों ने अग्निपथ योजना के विरोध में फेसबुक पर पोस्ट किया। सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए पुलिस की टीम ने कुछ ही देर में युवकों का पता ढूंढ निकाला। सीओ संजय वर्मा, इंस्पेक्टर व पुलिस बल के साथ गांव हीरापुर पहुंच गए। पोस्ट करने वाले मान पाल, सोनू, संजीव उर्फ संदीप निवासी गांव ईकरी औंछा और रीढम सिंह निवासी गांव कमलपुर को हिरासत में ले लिया। थाना लाकर सभी चार आरोपियों के विरुद्ध शांतिभंग की कार्रवाई की गई। संवाद
कोचिंग सेंटर पर युवाओं से किया संवाद
बेवर। कस्बा बेवर में अधिकारियों ने युवाओं से सीधा संपर्क किया। कोचिंग सेंटरों पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र शर्मा ने युवाओं से कहा कि युवा किसी भी उकसावे में आकर कोई ऐसा कदम न उठाएं जो उनके आने वाले भविष्य को खराब कर दे। कुछ शरारती तत्वों द्वारा अग्रिपथ को लेकर भ्रम की स्थिति बनाई जा रही है। ऐसे लोगों से सावधान रहें। राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाना स्वंय का नुकसान है। छात्र पढ़ लिखकर अपना बेहतर भविष्य बनाएं। सभी को संवैधानिक दायरे में रह कर अपनी बात रखने का अधिकार है। किसी भी तरह का उग्र प्रदर्शन न करें। अपनी बात को मर्यादित ढंग से कहें ताकि उस पर सुनवाई हो सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें