आगरा। मेट्रो निर्माण, आगरा कॉलेज, सेतु निगम के प्रोजेक्ट और अन्य योजनाओं में पेड़ काटने की अनुमति के आवेदनों पर बैठक और निरीक्षण करने सेंट्रल इंपावर्ड कमेटी के सदस्य आगरा आए हैं। उनकी मौजूदगी में ही साईं मंदिर के पास हरियाली का कत्ल कर दिया गया। राजा मंडी चौराहे पर आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन के नजदीक 40 साल पुराना पेड़ रात के अंधेरे में काट दिया गया। शिकायत के बाद वन विभाग के रेंजर ने इसकी जांच शुरू की है।
सीईसी की मंजूरी के बिना राजामंडी चौराहे पर साईं मंदिर के पास 40 साल पुराना हरा-भरा पेड़ काट दिया गया। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने वन विभाग से इसकी शिकायत की, जिसमें आरोप लगाया गया कि यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने पेड़ काटा है। शिकायती पत्र में वन विभाग से मेट्रो कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। उन्होंने पेड़ काटने के साक्ष्य के साथ पुरानी फोटो भी उपलब्ध कराई हैं।
डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में रेंजर से रिपोर्ट मांगी गई है। वह इस शिकायत की जांच कर रहे हैं। पेड़ किसने काटा, इसमें सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। वहीं यूपीएमआरसी के पीआरओ पंचानन मिश्रा ने बताया कि मेट्रो का पेड़ काटने के मामले में कोई संबंध नहीं है। मेट्रो कॉरपोरेशन अनुमति लेने के बाद ही कोई काम करेगा।