आगरा। किसानों के आलू बेचकर रुपये हड़पने वाले कोल्ड स्टोर स्वामी ने जिलाधिकारी के भी निर्देशों को अनसुना कर दिया। उसे दिया हुआ समय शुक्रवार को समाप्त हो गया, लेकिन उसने सात किसानोें के करीब 16 लाख रुपये वापस नहीं किए है। अब उद्यान विभाग उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
फतेहाबाद के गांव गुटावई वाजिदपुर स्थित मै. जय गिर्राज जी महाराज आइस एंड शीतगृह (तोमर कोल्ड स्टोर) और डौकी के गांव मड़ी के किसानों का विवाद आलू भंडारण विवाद निस्तारण समिति के पास आया था। जिसकी जांच में कोल्ड स्वामी को किसानों के रुपये हड़पने के मामले में दोषी पाया। उसने समिति के समक्ष रुपये लौटाने का समय मांगा। समिति ने दो बार समय दिया। इसके बाद भी किसानों का रुपया नहीं लौटाया। समिति ने जिलाधिकारी को जांच सौंपी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किसान और कोल्ड स्वामी को 13 जुलाई को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में बुलाया। इसमें कोल्ड स्वामी आर्थिक तंगी का हवाला देते कुछ समय मांगा। जिलाधिकारी ने किसानों की सहमति से उसे 31 जुलाई तक रुपये चुकाने का समय दिया। किसानों ने इस बीच कोल्ड मैनेजर और मालिक से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन दोनों में से किसी ने मुलाकात नहीं की। अब शुक्रवार को जिलाधिकारी द्वारा कोल्ड स्वामी को दिया हुआ समय भी समाप्त हो गया। उसने किसानों का रुपया भी नहीं चुकाया है।
की जाएगी कार्रवाई
कोल्ड स्टोर स्वामी को धनराशि लौटाने के लिए कई बार समय दिया गया है। इसके बाद भी रकम नहीं लौटाई है। उसके खिलाफ प्रतिकर की कार्रवाई की जाएगी। - मनोज कुमार, जिला उद्यान अधिकारी