टाइगर मच्छर (मादा एडीज) की मार अभी कम नहीं हो रही है। इसके चलते डेंगू के सात और मरीज मिले हैं। इनमें ताजगंज के तीन और खंदौली के दो मरीज शामिल हैं। इस सीजन में अब तक डेंगू के 74 मरीज सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने बुखार के 32 मरीजों में डेंगू की आशंका पर नमूना लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज की वायरोलॉजी लैब में जांच कराई। इसमें से ताजगंज क्षेत्र के 14 साल के किशोर, 18 साल और 20 साल के युवक को डेंगू हुआ है। खंदौली में 12 साल के बच्चे और 35 साल की महिला भी डेंगू की चपेट में आई है।
कागारौल निवासी सात साल के बच्चे, 25 साल के जगदीशपुरा के युवक की जांच में भी डेंगू मिला है। अभी तक स्वास्थ्य विभाग की जांच में 74 मरीज डेंगू के मिले हैं। इनमें शहर के मरीज ज्यादा हैं। अभी तक मलेरिया के 67 मरीज मिल चुके हैं। जिला मलेरिया अधिकारी आरके दीक्षित ने बताया कि डेंगू के सात नए मरीज मिले हैं, इनका इलाज चल रहा है।
मादा एडीज मच्छर साफ पानी में पनपता है। बरसात के दिनों में इसका खतरा अधिक रहता है। इस तरह से डेंगू का प्रकोप सबसे ज्यादा अगस्त-सितंबर में रहता है, लेकिन इस बार सबसे ज्यादा मरीज अक्तूबर-नवंबर में आए। अभी तक कुल 74 मरीजों में से 52 मामले 15 अक्तूबर से अब तक आए हैं।
एसएन मेडिकल कॉलेज के माइक्रो बायलॉजी की विभागाध्यक्ष डॉ. आरती अग्रवाल बताती हैं कि अभी अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस है।
जब अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा तब मच्छर पनप नहीं पाएंगे। अभी बाहर का तापमान कम है, लेकिन घरों में उसके मुकाबले ज्यादा गर्म है। ऐसे में मच्छर घरों में छिपते हैं, इस वक्त घरों के कोने, अलमारी, कपड़ों में ठिकाना बनाते हैं और काटते हैं।
ये सावधानी बरतें
- फुल बाजू के कपड़े पहनकर रहें।
- बाथरूम में पानी ढककर रखें।
- मच्छररोधी दवा छिड़कें।
- खिड़की-दरवाजा बंद करके रखें।