मैनपुरी। स्वास्थ्य विभाग बुखार की रोकथाम के लिए ब्लाॅक स्तर पर संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर डेंगू जांच का दावा कर रहा है। जिस प्रकार से संबंधित ब्लॉक के लोग जिला अस्पताल जांच कराने पहुंच रहे हैं इससे सीएचसी पर डेंगू जांच की पोल खुल रही है। पिछले चार दिनों में सीएचसी से पहुंची 300 लोगों ने जिला अस्पताल में जांच कराई है। इनमें चार लोग डेंगू पॉजिटिव निकले हैं।
जिले में बुखार के साथ ही डेंगू के मरीज तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार दावा किया जा रहा है कि सीएचसी स्तर पर बुखार से संबंधित सभी प्रकार की जांच की व्यवस्था है। विभाग के इन दावों की जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में पहुंच रहे मरीज पोल खोल रहे हैं। पिछले सप्ताह जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में 752 मरीजों की जांच हुई। इनमें 300 मरीज मैनपुरी शहर से बाहर सीएचसी क्षेत्र के हैं। इनमें चार मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यदि सीएचसी स्तर पर ही डेंगू के मरीजों के उपचार की व्यवस्था थी तो फिर 25 से 30 किमी दूरी उपचार लेने क्यों जाना पड़ता।
केस नंबर-1
किशनी सीएचसी क्षेत्र के गांव शमशेरगंज निवासी राजेश पाठक की पत्नी सीमा पाठक को बुखार आया। वे सीएचसी किशनी गईं यहां उनकी डेंगू की जांच नहीं हो सकी। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। यहां जांच में वे डेंगू पॉजिटिव मिलीं उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिला अस्पताल से किशनी की दूरी 40 किमी है।
-
केस- नंबर- 2
बेवर के गांव जोगा निवासी अवनीश कुमार को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन सीएचसी बेवर पहुंचे। यहां बताया गया कि डेंगू जांच की व्यवस्था नहीं है। मजबूरी में परिजन को जिला अस्पताल जाना पड़ा यहां जांच के दौरान अवनीश में डेंगू के लक्षण मिले अवनीश जिला अस्पताल में उपचार करा रहे हैं जबकि बेवर से जिला अस्पताल की दूरी 27 किमी है।
सभी सीएचसी पर डेंगू जांच के लिए किट उपलब्ध करा दिए गए हैं। निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों को सीएचसी पर ही भर्ती कर उपचार दिया जाए। इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है यदि कहीं लापरवाही हो रही है तो कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. आरसी गुप्ता, सीएमओ