आगरा नगर निगम की चारागाह में दर्ज 1000 वर्ग मीटर जमीन पर बिल्डर ने प्लॉट बनाकर बेच दिए। वहीं 1200 वर्ग मीटर जमीन पर किसानों ने तार लगाकर कब्जा कर लिया। बृहस्पतिवार को नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण तोड़े और जमीन खाली कराई। इसकी बाजार कीमत 3.50 करोड़ रुपये है।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम ने मौजा चमरौली में गाटा संख्या 180/229, 180/230 में एक हजार वर्ग मीटर चारागाह की जमीन पर बनाए गए 5 प्लॉट की चहारदीवारी तोड़कर कब्जा हटाया। यहां बिल्डर ने भवन बनाया था। इस पर बुलडोजर चलाया गया।
गाटा संख्या 182/231 की 1200 वर्ग मीटर भूमि पर किसानों ने तारबंदी कर कब्जा कर लिया था, उसे भी हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान संपत्ति प्रभारी अशोक प्रिय गौतम, सेनेटरी इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह, राजस्व निरीक्षक वैभव यादव, प्रवर्तन दल एवं यमुना मित्र उपस्थित रहे।