बिचपुरी। कानपुर में शनिवार को आयोजित आईसीएआर-कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान (अटारी), जोन-III के कार्यक्रम में तहसील एत्मादपुर के गांव शेखपुरा निवासी प्रगतिशील किसान लाखन सिंह त्यागी ने आगरा में आलू प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की मांग रखी। उन्होंने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक एवं कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डेयर) के सचिव डॉ. एमएल जाट से मुलाकात कर आलू उत्पादन से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी दी।
लाखन सिंह त्यागी ने बताया कि आगरा में करीब 80 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में आलू की खेती होती है। जनपद में 332 कोल्ड स्टोरेज संचालित हैं, इसके बावजूद किसानों को आलू का उचित मूल्य नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि यदि आगरा में आलू प्रसंस्करण इकाई स्थापित होती है तो किसानों को स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार मिलेगा। साथ ही आलू आधारित उद्योग विकसित होने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि आलू से करीब 180 प्रकार के व्यंजन और विभिन्न खाद्य उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। ऐसे में आगरा में प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित होने से आलू की खेती को नई दिशा मिल सकती है। किसान की मांग पर डॉ. एमएल जाट ने इस संबंध में विचार करने का आश्वासन दिया है।