हाईवे पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए सुझावों की मांग पत्र संसद को देते हुए फोटो स्वयं
फतेहपुर सीकरी। लाल सिंह लोधी और महावीर सिंह वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर-आगरा हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने सांसद राजकुमार चाहर को सुझावों का एक ज्ञापन सौंपा। इसके आधार पर सांसद ने परियोजना निदेशक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण दौसा, राजस्थान और मंडल आयुक्त, आगरा पुलिस कमिश्नर आगरा को पत्र लिखा है।
प्रतिनिधिमंडल ने किरावली चौराहा, वनखंडी महादेव मंदिर, मंडी गुड़, फतेहपुर सीकरी बाईपास समेत अन्य कटों पर होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पीवीएम मार्किंग की मांग की है। इसके अतिरिक्त आबादी वाले क्षेत्रों में गति सीमा दर्शाने वाले स्पीड लिमिट बोर्ड लगाए जाने का सुझाव दिया गया है। सर्विस रोड पर अस्थाई पार्किंग को प्रतिबंधित करने की भी मांग की गई है। प्रत्येक कट पर विशेषकर जहां अंधेरा रहता है, वहां सोलर लाइट की व्यवस्था करने का भी प्रस्ताव दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल में बीनू राजपूत, दिनेश राजपूत, वीरेंद्र लोधी, असलम शेख, मोनू शर्मा, राजू लोधी और महिपाल चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।