नीट प्रवेश परीक्षा के आवेदन से पूर्व संजय प्लेस स्थित आधार कार्ड सेंटर पर अभ्यर्थियों की भीड़ रही। कोई आधार कार्ड में नंबर अपडेट कराने पहुंचा तो कोई आधार कार्ड में नंबर अपडेट न होने से परेशान दिखा। सुबह से लेकर शाम 5 बजे तक अभ्यर्थी अपने आधार कार्ड का बायोमैट्रिक व नंबर अपडेट कराने के लिए आधार सेंटर प्रभारियों के चक्कर काटते रहे।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2024 की परीक्षा 5 मई को होनी है। 9 मार्च तक अभ्यर्थी नीट प्रवेश परीक्षा का फॉर्म भर सकते हैं। ऐसे में आखिरी तारीख तक अभ्यर्थियों के आधार कार्ड अपडेट न पाने के कारण कई छात्र-छात्राएं नीट का फाॅर्म नहीं भर पाए। कुछ शुक्रवार को आधार सेंटर पर आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए बैठे रहे। आधार सेंटर प्रभारी ने बताया कि आधार कार्ड अपडेट में 24 घंटे में भी लग सकते हैं और 30 दिन भी, जो व्यक्ति अपना आधार कार्ड अपडेट कराते रहते हैं, उनका जल्दी हो जाता है। जिसने बनने के बाद अभी तक अपडेट नहीं कराया है उनका अपडेट में समय लगता है।
नहीं भर पाई फॉर्म
बेलनगंज निवासी ईशा तिवारी ने बताया कि मैंने 27 फरवरी 2024 में ही आधार अपडेट कराने के लिए आवेदन किया था,लेकिन आधार कार्ड में नंबर अपडेट न हो पाने के कारण फॉर्म नहीं भर पाई। - ,
नहीं हुआ नंबर अपडेट
अर्जुन नगर निवासी मोहनी चाहर ने बताया कि मुझे लगा परीक्षा से एक दिन पहले आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट हो जाएगा। पर, ऐसा नहीं हुआ। इस बार फाॅर्म भरने के लिए ओटीपी हमारे आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर पर आ रहा है।