आगरा। महिला प्रीमियर लीग के पांचवें मुकाबले में भले ही यूपी वॉरियर्ज को रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के खिलाफ नौ विकेट से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इस मैच में आगरा की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने जुझारू पारी खेली। नवी मुंबई में खेले गए इस मुकाबले में दीप्ति ने संघर्षपूर्ण पारी ने खेलप्रेमियों को निराश नहीं होने दिया।
यूपी वॉरियर्ज की पारी जब महज 50 रन पर पांच विकेट गंवाकर बिखर चुकी थी, तब दीप्ति शर्मा और वेस्टइंडीज की विस्फोटक बल्लेबाज डिएंड्रा डॉटिन ने धैर्य के साथ खेलते हुए छठे विकेट के लिए नाबाद 93 रन जोड़े और टीम को 143 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
दीप्ति शर्मा ने इस दौरान 45 रन बनाए और टीम की उच्च स्कोरर रहीं। हालांकि, इसके बाद यूपी वाॅरियर्ज की गेंदबाजी कमजोर रही और आरसीबी का सिर्फ एक विकेट गिरा। आरसीबी ने 12.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।