ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में विकेट नहीं ले सकीं और 355 अंतरराष्ट्रीय विकेट के साथ झूलन गोस्वामी की बराबरी पर बनी हुई हैं। अब एक विकेट मिलते ही वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन जाएंगी।
शहर की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक बन सकता था, लेकिन आगरा के क्रिकेट प्रेमियों को उस पल के लिए अभी और इंतजार करना होगा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में दीप्ति को कोई विकेट नहीं मिला।
दीप्ति 355 अंतरराष्ट्रीय विकेट के साथ झूलन गोस्वामी की बराबरी पर हैं। ऐसे में रविवार को शहर के क्रिकेटर और खेल प्रेमियों की निगाहें उनके हर ओवर पर टिकी थीं। कई क्रिकेट प्रेमियों ने मैच के दौरान मोबाइल और टीवी स्क्रीन से नजरें नहीं हटाईं, लेकिन वह बहुप्रतीक्षित विकेट नहीं आया। ताज नगरी में रविवार को क्रिकेट का माहौल पूरी तरह दीप्ति के नाम रहा।
खिलाड़ी उनके रिकॉर्ड को लेकर चर्चा करते नजर आए। फिलहाल दीप्ति और झूलन गोस्वामी 355 विकेट के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। अब एक विकेट मिलते ही दीप्ति महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन जाएंगी। ऐसे में आगरा के क्रिकेट प्रेमियों की नजरें उनके अगले मुकाबले पर टिकी हैं।
अगले मैच में मिलेगी उपलब्धि
पूर्व विश्वविद्यालय क्रिकेटर नवीन गोस्वामी ने बताया कि रिकॉर्ड आज नहीं बना तो कोई बात नहीं। वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। हमें पूरा भरोसा है कि अगले मैच में वह यह उपलब्धि हासिल करेंगी।