महात्मा गांधी की तरह ही पं. दीनदयाल उपाध्याय के पुराने मकान और उनके प्रयोग व जीवन शैली को दर्शाने वाली वस्तुओं की रेप्लिका (प्रतिकृति) तैयार की जाएगी। प्रदेश सरकार ने नगला चंद्रभान स्थित दीनदयाल धाम में साइट म्यूजियम बनाने के प्रस्ताव पर काम शुरू कर दिया है।
लखनऊ के एएनबी कंसलटेंट को नगला चंद्रभान में पर्यटन विभाग की जमीन पर बने गेस्ट हाउस की जगह रेप्लिका और साइट म्यूजियम की योजना बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को नगला चंद्रभान में पं. दीनदयाल उपाध्याय धाम में पर्यटन योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं के अलावा प्रदेश सरकार दीनदयाल धाम को बड़े पर्यटन केंद्र में बदलने की तैयारी में है। इस म्यूजियम के जरिए लोग पं. दीनदयाल के जीवन दर्शन और कार्यशैली देखकर प्रेरणा ले सकेंगे।
ये है प्लान
प्रदेश के पर्यटन महानिदेशक अवनीश कुमार अवस्थी के निर्देश के बाद प्रोफेशन आर्किटेक्ट के जरिये पं. दीनदयाल धाम को टोपोग्राफिक (भौगोलिक स्थिति) सर्वे कराकर होलिस्टिक डेवलपमेंट प्लान तैयार कराया जा रहा है।
इसमें टूरिस्ट कांप्लेक्स, एम्फीथियेटर, फाउंटेन, सरोवर के विकास आदि योजनाओं के अलावा भरतपुर जाने वाली रोड को पं. दीनदयाल धाम से होते हुए ले जाने की तैयारी हो रही है। पं. दीनदयाल कुंड, यक्ष कुंड, कमल कुंड और सूरकुटी का भी पर्यटन विकास, सुंदरीकरण किया जाएगा।
20 से 23 तक लाइट एंड साउंड शो
पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी वर्ष पर प्रदेश का संस्कृति विभाग 20 से 23 सितंबर तक ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम आयोजित करेगा। अयोध्या का अयोध्या शोध संस्थान और उत्तर मध्य क्षेत्र, सांस्कृतिक केंद्र, इलाहाबाद द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुतियां दी जाएंगी। प्रदेश के पर्यटन महानिदेशक अवनीश कुमार अवस्थी ने जन्मशती के लिए दीनदयाल धाम में डीएम मथुरा को सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं।
बनेगा ओपन एयर थियेटर
पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली दीनदयाल धाम के पर्यटन विकास के लिए प्रदेश सरकार ने 4.98 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को हरी झंडी दिखा दी। 15 सितंबर को उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड यूनिट-32 को इस प्रोजेक्ट के लिए पहली किश्त के रूप में 2.49 करोड़ रुपये भी जारी कर दिये गये हैं।
पर्यटन विकास की इस योजना में दीनदयाल धाम में सरोवर का उच्चीकरण, ओपन एयर थियेटर, टायलेट, चिल्ड्रन पार्क, बागीचा, पाथवे, सिंचाई कार्य के लिए ट्यूबवेल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, लाइटिंग, बाउंड्रीवाल और प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।