शहर के नुमाइश पंडाल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के आयोजन की तैयारियां देखते डीएम अविनाश कृष्ण
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। शनिवार को होने वाले अब तक के सबसे बड़े सामूहिक विवाह के आयोजन के लिए शामियाना सज गया है। यहां 408 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। इसके लिए शुक्रवार को दिनभर तैयारियां चलती रहीं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार शाम को नुमाइश पंडाल स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियां देखीं।
शासन के आदेश पर एक साथ प्रदेश के सभी जिलों में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन हो रहा है। जिले में इसके लिए 408 आवेदन अब तक प्रक्रिया के बाद चयनित किए गए हैं। इनमें 26 जोड़े मुस्लिम हैं तो अन्य हिंदू जोड़े हैं।
आयोजन को भव्य बनाने के लिए शुक्रवार को दिनभर अधिकारी और कर्मचारी तैयारियों में जुटे रहे।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार, परिेयोजना निदेशक केके सिंह, समाज कल्याण अधिकारी डॉ. इंद्रा सिंह और जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन ने उपस्थित रहकर सभी तैयारियां कराईं। शाम को जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह और पुलिस अधीक्षक एके राय ने भी तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि कहीं भी किसी प्रकार की कोई कमी न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि वधु को उपहार स्वरूप दिए जाने वाले सामान की गुणवत्ता बेहतर हो ये सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए गुणवत्ता की जांच के लिए गठित समिति से जांच कराई जाए। साथ ही वैवाहिक स्थल पर बने दोनों पंडालों में पर्याप्त मात्रा में पुलिसकर्मी तैनात करने और पार्किंग की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए।