बाह। खेड़ा राठौर के गुमानसिंह पुरा गांव में रविवार की सुबह करीब 9 बजे मार्गश्री (55) ने खेत पर बनी मढै़या में फंदे पर लटक कर जान दे दी। मृतका समूह से उठाए कर्ज को चुकाने के लिए परेशान थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खेड़ा राठौर के गुमानसिंह पुरा गांव के शिवनाथ के मुताबिक पुलिस को उनकी पत्नी मार्गश्री ने बेटियों की शादी के लिए समूह से कर्ज लिया था। कर्ज की किस्तें चुकाने के लिए वह परेशान रहती थी। पति के मुताबिक वह उनको कई दिनों से दिलासा दिला रहे थे। इधर, रविवार की सुबह करीब 9 बजे वह घर से खेत पर गई थी। दोपहर में नहीं लौटी तो ढूंढते हुए खेत पर पहुंचे। खेत पर बनी मढै़या में उनका शव फंदे पर लटका था। गले में रस्सी का फंदा कसा था। सूचना पर पहुंची खेडा राठौर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की 7 बेटियां एवं एक बेटा है, जिनकी शादी हो चुकी है। मामले में तहसीलदार बाह संपूर्ण कुलश्रेष्ठ में पूछने पर बताया कि ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। अब पता चला है। राजस्व टीम भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। संवाद