दिवाली पर घर जा रहे बाइक सवार मामा-भांजे को टैंकर ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आगरा के थाना सैंया क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में मामा-भांजे की मौत हो गई। वे दोनों हरियाणा से मजदूरी करते थे। दिवाली पर घर झांसी जा रहे थे। ग्वालियर हाईवे पर बुधवार को सैंया के सिकंदरपुर गांव के पास डीजल टैंकर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक झांसी के गांव महुरानीपुरा चौरारा थाना मऊ निवासी प्रिंस (18), पूजा देवी, मुकेश, देवेंद्र आदि 6 लोग हरियाणा से मजदूरी कर दिवाली पर तीन बाइकों से अपने गांव जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे ग्वालियर हाईवे स्थित सिकंदरपुर गांव के निकट पहुंचने पर डीजल भरे टैंकर ने एक बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में प्रिंस (18) और उनके भांजे आर्यन (1) की मौके पर ही मौत हो गई। चाचा देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रभारी निरीक्षक सैंया ने बताया कि टैंकर चालक और खलासी को हिरासत में लिया गया है।