फिरोजाबाद में एमबीबीएस के छात्र शैलेंद्र शंखवार की मौत के मामले में पुलिस दोषियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर चुकी है। पुलिस अफसरों को शासन से आने वाली जांच रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एमबीबीएस के छात्र शैलेंद्र शंखवार द्वारा तीन दिसंबर को मेडिकल कॉलेज परिसर के अंदर बने हॉस्टल के रूम नंबर 215 में फंदे पर लटककर जान दे दी थी। छात्र शैलेंद्र और उसके परिजनों को न्याय दिलाने के लिए मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा नेशनल हाईवे जाम कर जिला अस्पताल परिसर में देर रात तक धरना प्रदर्शन किया था। नारखी पुलिस ने छात्र शैलेंद्र के पिता उदय सिंह शंखवार की तहरीर पर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा को नामजद करते हुए पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किए जाने का मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद छात्रों ने जिला अस्पताल में किए जा रहे आंदोलन को समाप्त किया था।
इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के साथ ही जांच सीओ टूंडला प्रवीण कुमार तिवारी को सौंपी गई थी। सीओ टूंडला प्रवीण कुमार तिवारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। संबंधित के बयान दर्ज किए गए हैं। सीओ टूंडला प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि शासन की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। शासन की रिपोर्ट आने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
ये भी पढ़ें - Firozabad: एसडीएम टूंडला की गाड़ी ट्रक से टकराई, मक्खनपुर के पास हुआ हादसा
एसएसपी ने बदले तीन थाना प्रभारी
एसएसपी आशीष तिवारी द्वारा शुक्रवार रात तीन थानाध्यक्षों के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन कर दिया है। लाइनपार थानाध्यक्ष महेश कुमार को थानाध्यक्ष नगला खंगर बनाया है। नगला खंगर थानाध्यक्ष विनोद कुमार को थानाध्यक्ष खैरगढ़ तथा खैरगढ़ थानाध्यक्ष अनुरुद्ध प्रताप सिंह को थानाध्यक्ष लाइनपार की जिम्मेदारी सौंपी है।