केंद्रीय कारागार में निरुद्ध पाक अधिकृत कश्मीर के बंदी सैय्यद यूसुफ शाह (75) की मंगलवार रात हृदयाघात से मौत हो गई। वह 25 जुलाई 2022 से जेल में निरुद्ध था। सीने में दर्द की शिकायत पर एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। जेल प्रशासन ने जेल मुख्यालय और जम्मू-कश्मीर प्रशासन को जानकारी दी है। शव को पोस्टमार्टम गृह में रखा गया है।
केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक ओपी कटियार ने बताया कि यूसुफ को विशेष बैरक में रखा गया था। उसे पहले से ब्लड प्रेशर की समस्या थी। टैबलेट दी जा रही थी। मंगलवार शाम उसने सीने में दर्द की शिकायत की। अस्पताल ले गए, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बंदी की मृत्यु की जानकारी केंद्र सरकार सहित जम्मू कश्मीर सरकार को भी दी गई है, जिससे पीओके में मृतक बंदी के परिजन को अवगत कराया जा सके। बंदी को एनडीपीएस सहित अन्य एक्ट में पकड़ा गया था।