बाड़ के तारों में आए करंट से युवक की मौत हो गई, वहीं जीजा बच गया। दोनों खेत में मजदूरी करने के लिए आए थे। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
आगरा के थाना जैतपुर के फतेहपुरा गांव में सोमवार शाम करीब 5 बजे आलू फसल की मजदूरी पर सिंचाई कर रहे जीजा-साले खेत की बाड़ के तारों में उतरे करंट की चपेट में आ गए। साले की मौत हो गई। जीजा बाल-बाल बचे।
विज्ञापन
बलरई, इटावा के खनिया गांव का कमलेश (43) जैतपुर के जाख गांव के जीजा करू के घर पर रह कर मजदूरी करता था। करू ने पुलिस को बताया कि सोमवार को फतेहपुरा गांव के लाले के खेत में मजदूरी पर सिंचाई कर रहे थे। खेत के चारों ओर तार लगी हुई है, जिसमें करंट आ गया। पहले उसे करंट का झटका लगा, वह बच गया। कुछ देर बाद कमलेश को भी करंट लगा और उसका एक पैर बाड़ के तारों में फंसा रह गया। जिससे साले कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
जैतपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ जैतपुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खेत मालिक खेत के ऊपर से गई विद्युत लाइन से करंट आना बता रहे हैं। वहीं एसडीओ जैतपुर विनोद कुमार का कहना है कि विद्युत लाइन की अर्थिंग से ऐसे करंट नहीं उतरता है।